Accident in Chhattisgarh: पाटन में महिलाओं से भरा पिकअप पलटा ड्राइवर सहित 27 घायल

Accident in Chhattisgarh: नईदुनिया न्यूज, पाटन। ग्राम मर्रा में बुधवार को आयोजित ब्लाक स्तरीय मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में शामिल होने जा रही महिलाओं से भरा एक पिकअप वाहन जामगांव एम और तर्रा के बीच अनियंत्रित होकर पलट गया।

सुबह 9 बजे के करीब हुई इस घटना में बिहान समूह की दो दर्जन से अधिक महिलाएं घायल हो गई है। इनमें से नौ महिलाओं को गंभीर चोटें आईं है। इन्हें रायपुर मेकाहारा रेफर किया गया है। वहीं शेष घायलों का इलाज शासकीय अस्पताल झीट में कर सभी को छुट्टी दे दी गई।

जानकारी के अनुसार बिहान समूह के जामगांव एम कलस्टर में शामिल विभिन्न गांवों की महिलाएं एक पिकअप वाहन में सवार होकर मर्रा में आयोजित ब्लाक स्तरीय मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी। इस दौरान ही जामगांव एम और तर्रा के मध्य तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना की सूचना जैसे ही जनपद पंचायत के सीईओ मुकेश कोठारी को मिली तो उन्होंने तत्काल खंड चिकित्सा अधिकारी डा आशीष शर्मा को दी।

इसके बाद तत्काल एम्बुलेंस भेजा गया। साथ ही झीट अस्पताल में डाक्टरों सहित सभी स्टाफ को अलर्ट किया गया। इधर डा आशीष शर्मा ने तर्रा और जामगांव एम के उप स्वास्थ्य केन्द्र के स्वास्थ्य संयोजकों को भी घटना स्थल भेजा, जिससे घायलों का तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया गया था। इधर एक पिकअप वाहन में इतने लोगों को बिठाकर ले जाने पर सवाल भी उठने लगे हैं, वह भी शासकीय आयोजन में शामिल होने जा रहे थे।

9 गंभीर घायल मेकाहारा रेफर किए गए

इस सड़क दुर्घटना में 2 बच्चे सहित 27 महिलाएं घायल हुई हैं। इनमें गंभीर रूप से घायल नौ महिलाओं में शारदा सिंगोर (27) ग्राम सांकरा, हेमकुमारी (45) सांकरा, ज्योति देशलहरे(30) खमहरिया, भगवती सिंगौर (35) रूही, गोदावरी साहू (32) जमराव, ममता साहू (40) सांकरा, कीर्ति साहू (27) महुदा, वेदिका साहू (17) सोनपुर एवं सविता पाल (40) ग्राम खमहरिया हैं। इन्हें मेकाहारा रायपुर भेजा गया है। वहीं अन्य घायलों में कविता सिंगौर (28) सांकरा, खिलेश्वरी (23) खामहरिया, कृतिका ध्रुव (10) झीट, लक्ष्य साहू (10) झहट, ममता चंद्राकर (39) उफरा, नंदिनी सिन्हा (35) साल झीट, नीलम गायकवाड़ (39) जमराव, पद्मिनी यादव (25)जमराव, प्रमिला ठाकुर (36) खमहरिया, प्रतिमा यादव (36) कोपेडीह, रंजिता (27) सांकरा, संध्या टंडन (36) कोपेडीह, समृत सिन्हा (35) ग्राम झीट, सुनीता यदु (27) सांकरा, ज्योति यादव (30) उफरा, ड्राइवर वेदप्रकाश साहू (39) ग्राम महुदा हैं। इन सभी को झीट अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

सांसद विजय ने ली घायलों की जानकारी

इस घटना की जानकारी मिलने पर सांसद विजय बघेल ने तत्काल प्रशासनिक अधिकारियों से बात की और घायलों का हाल-चाल जाना। उनकी पत्नी रजनी बघेल, जिला पंचायत सदस्य हर्षा लोकमनी चंद्राकर, जनपद सद्स्य उत्तरा सोनवानी सहित अन्य ग्रामीण भी अस्पताल पहुंचे थे। पाटन भवन निर्माणी श्रमिक संघ के दुर्ग जिला अध्यक्ष और ग्राम पंचायत महुदा के सरपंच मनोज साहू अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता की मांग की।

सभी घायलों का उपचार किया गया। गंभीर 9 घायलों को प्राथमिक उपचार कर मेकाहारा रायपुर रिफर किया गया है। सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है।-

buzz4ai
Recent Posts