एमसीबी | 26 जनवरी 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ शासन के चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा नवीन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, मनेन्द्रगढ़ के सुदृढ़ संचालन की दिशा में अहम पहल की गई है। महाविद्यालय को सुचारू और प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से शासन ने अनुभवी चिकित्सकों को अतिरिक्त प्रशासनिक दायित्व सौंपने के आदेश जारी किए हैं।
शासन के निर्देशानुसार वर्तमान में शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, अंबिकापुर में कार्यरत डॉ. रंजना सिंह आर्या को मनेन्द्रगढ़ चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उनके व्यापक शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे नवस्थापित संस्थान को मजबूत आधार मिल सके।
वहीं अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में अस्थिरोग विभागाध्यक्ष के रूप में सेवाएं दे रहे डॉ. अरूणेश सिंह को शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय, मनेन्द्रगढ़ के अस्पताल अधीक्षक का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। उनके नेतृत्व में अस्पताल प्रबंधन और मरीज सेवाओं में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
दोनों अधिकारियों ने 24 जनवरी 2026 को अपने-अपने अतिरिक्त पदभार ग्रहण कर लिया है। शासन ने यह व्यवस्था आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से लागू की है, ताकि महाविद्यालय के शुरुआती चरण में किसी भी प्रकार की प्रशासनिक बाधा न आए।

नवीन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, मनेन्द्रगढ़ की स्थापना को एमसीबी जिले और आसपास के क्षेत्रों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे स्थानीय नागरिकों को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी, साथ ही युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर प्राप्त होंगे।
इसके अलावा यह संस्थान क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अब मरीजों को इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी। शासन के इस कदम का स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक दूरदर्शी निर्णय बताया है।





