एमसीबी | 12 फरवरी 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रस्तावित कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। 16 फरवरी 2026 को चिरमिरी स्थित जगन्नाथ मंदिर परिसर में कार्यक्रम के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर कार्यपालिक दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है।
जारी आदेश के अनुसार हवन एवं पूजा स्थल सहित मुख्य मंदिर परिसर की व्यवस्था की जिम्मेदारी खड़गवां/चिरमिरी के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) विजयेन्द्र सारथी को सौंपी गई है। उनके सहयोग के लिए नजूल तहसीलदार मनेन्द्रगढ़ विनीत कुमार सिंह और तहसीलदार मनेन्द्रगढ़ श्रुति धुर्वे को सहायक अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसी तरह मुख्य मंच, कार्यक्रम स्थल, पत्थर शिलालेख और हेलीपैड क्षेत्र में सुरक्षा एवं व्यवस्था की जिम्मेदारी मनेन्द्रगढ़ के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) लिंगराज सिदार को दी गई है। उनके सहयोग के लिए तहसीलदार चिरमिरी समीर शर्मा तथा तहसीलदार भरतपुर नीरज कांत तिवारी को सहायक अधिकारी बनाया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी नियुक्त अधिकारियों को कार्यक्रम के दिन निर्धारित स्थानों पर उपस्थित रहकर सुरक्षा, समन्वय और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।





