एमसीबी | 12 फरवरी 2026
जिले में आयोजित होने वाले अमृत धारा महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन सतर्क नजर आ रहा है। 15 फरवरी 2026 को आयोजित कार्यक्रम के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने विभिन्न स्थानों पर कार्यपालिक दंडाधिकारियों की नियुक्ति की है।
जारी आदेश के अनुसार मुख्य मंच, ग्रीन रूम और जलपान व्यवस्था की जिम्मेदारी मनेन्द्रगढ़ के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) लिंगराज सिदार को सौंपी गई है। उनके सहयोग के लिए तहसीलदार मनेन्द्रगढ़ श्रुति धुर्वे को सहायक अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसी प्रकार वीआईपी दीर्घा और बैठक व्यवस्था में सुरक्षा एवं सुव्यवस्था बनाए रखने का दायित्व केल्हारी की अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) इंदिरा मिश्रा को दिया गया है। उनके सहयोग के लिए नजूल तहसीलदार मनेन्द्रगढ़ विनीत कुमार सिंह को सहायक अधिकारी बनाया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम के दिन निर्धारित स्थानों पर उपस्थित रहकर समन्वय, सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।





