एमसीबी | मनेंद्रगढ़
भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने मनेंद्रगढ़ में नेचुरल गैस पाइपलाइन प्लांट का औपचारिक उद्घाटन किया। इसे छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, क्योंकि यह राज्य का पहला प्राकृतिक गैस पाइपलाइन प्रोजेक्ट है।
करीब 1125 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रही इस परियोजना के माध्यम से सरगुजा संभाग के पांच जिलों तक पाइपलाइन के जरिए प्राकृतिक गैस की आपूर्ति की जाएगी। योजना के तहत 54 सब-स्टेशन स्थापित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक सीधे पाइप से गैस पहुंचाई जाएगी। इससे उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर पर निर्भरता से राहत मिलने की उम्मीद है।
उद्घाटन समारोह में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि पाइपलाइन गैस व्यवस्था लागू होने से उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर लेने की परेशानी नहीं होगी और वे अपनी खपत के अनुसार मासिक भुगतान कर सकेंगे।
उन्होंने मनेंद्रगढ़ को इस परियोजना के लिए चुने जाने पर क्षेत्र के नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि यह पहल शहरी विकास को गति देने के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को भी बढ़ावा देगी।





