मनेन्द्रगढ-छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मनेन्द्रगढ़ प्रवास के दौरान दिनांक – 18 अक्टूबर 2026 संध्याकाल में महा अष्टमी के दिन स्थानीय प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व सेवा केंद्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने यहाँ सज-धज कर तैयार की गई देवियों की अलौकिक और मनमोहक झांकी के दर्शन किए और आध्यात्मिक वातावरण का लाभ उठाया।
आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत दिखा माहौल
मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ब्रह्माकुमारीज संस्थान पहुँचे, जहाँ संस्थान से जुड़े पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने माता देवियों के विभिन्न स्वरूपों को दर्शाती मनमोहक झांकी का अवलोकन किया। उन्होंने इस दौरान आध्यात्मिक कला और रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना का संचार करते हैं।
ईश्वरीय सेवा और भाईचारे का दिया संदेश
झांकी दर्शन के पश्चात मंत्री जायसवाल ने संस्थान के सेवाकेंद्र संचालिका ब्रह्माकुमारी माधुरी बहन से मुलाकात कर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज संस्थान दुनिया भर में मानवता, शांति और भाईचारे का संदेश फैलाने का एक प्रमुख केंद्र है, जो समाज को सही दिशा दिखाने में अहम भूमिका निभा रहा है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव, विधायक प्रतिनिधि महेंद्र पाल सिंह, वार्ड पार्षद ओम प्रकाश जायसवाल एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारी परिवार के अनुयायी एवं शहरवासी उपस्थित रहे।








