मनेन्द्रगढ़ में चोरी की तीन वारदातों का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार
मनेन्द्रगढ़, 10 सितंबर 2026। शहर में हाल के दिनों में बढ़ी चोरी की घटनाओं पर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है। बरामद वस्तुओं की पहचान संबंधित प्रार्थियों ने भी की है।
पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली क्षेत्र में चोरी की शिकायतें मिलने के बाद तीन अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए थे। मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा (आईपीएस) और पुलिस अधीक्षक एमसीबी रत्ना सिंह (आईपीएस) ने चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करने, आरोपियों की तलाश तेज करने तथा क्षेत्र में पेट्रोलिंग और गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।
निर्देशों के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी कोतवाली के नेतृत्व में पुलिस की चार टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनाओं से जुड़े सुराग जुटाते हुए संदिग्धों से पूछताछ शुरू की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने तीन अलग-अलग चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पहली कार्रवाई: रेलवे कॉलोनी निवासी गुरुदत्ता के गैराज से कॉपर वायर चोरी होने के मामले में पुलिस ने राकेश यादव (22 वर्ष), पिता श्यामलाल को पकड़ा। उसके कब्जे से करीब 10 कॉपर वायर और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की गई। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई गई है।
दूसरा मामला: वार्ड नंबर 9, पेंड्रा दफाई निवासी हुसैन के गोदाम से करीब दो क्विंटल लोहे की छड़ और कटर मशीन चोरी होने की शिकायत पर पुलिस ने अरमान अंसारी (22 वर्ष), पिता हामिद, निवासी मौहारपारा वार्ड नंबर 5 तथा सुमित सिंह, पिता बलराम, निवासी मौहारपारा को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से करीब दो क्विंटल लोहे की छड़, जिसकी अनुमानित कीमत 20 हजार रुपये है, बरामद की गई।
तीसरी कार्रवाई: चनवारीडांड स्थित हर्षित जैन के एचआर इंडस्ट्रीज परिसर से बड़ा मोटर पंप चोरी होने के मामले में पुलिस ने सुभाष कुमार, पिता विजय कुमार, निवासी गदबदी, बैकुंठपुर और ऋषि कुमार (19 वर्ष), पिता ज्ञानचंद, निवासी पेंड्रा, हाल मुकाम खेड़िया तिराहा को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से करीब 14 हजार रुपये कीमत का मोटर पंप बरामद हुआ।
पुलिस ने बताया कि चोरी का सामान बरामद होने के बाद संबंधित प्रार्थियों के समक्ष उसकी पहचान कराई गई। पहचान की कार्रवाई पूरी होने के बाद पांचों आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई में निरीक्षक विवेक पाटले, एसआई जयालक्ष्मी, पीएसआई दीपशिखा, एएसआई चेतन रजवाड़े सहित हेड कांस्टेबल राजकुमार सेन, प्रिंस राय, सुनील रजक, नवीन, राकेश, कांस्टेबल मो. आजाद, प्रदीप लकड़ा, प्रमित सिंह, आरक्षक प्रमोद यादव (साइबर सेल), अमित गुप्ता, सैनिक विनीत सोनी और कांस्टेबल टोप्पो की भूमिका रही।
कोतवाली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि चोरी की घटना होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देकर एफआईआर दर्ज कराएं। इसके अलावा क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नजर आने पर बिना देरी किए पुलिस को जानकारी दें।









